हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र संपन्न, 80% रही सदन की उत्पादकता |
Kangra Express
धर्मशाला : तपोवन में 16 से 21 नवंबर तक चले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का समापन हो गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सत्र की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान कुल 6 बैठकों का आयोजन हुआ, जिनकी कार्यवाही लगभग 24 घंटे चली और सत्र की उत्पादकता 80 प्रतिशत रही।
366 सवालों के मिले जवाब, 13 सरकारी विधेयक पारित
विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार, सत्र के दौरान विधायकों की ओर से पूछे गए 366 प्रश्नों के उत्तर सरकार ने उपलब्ध करवाए। वहीं, 13 सरकारी विधेयक सदन में पेश किए गए और चर्चा के बाद पारित हुए। विपक्ष की ओर से नियम-67 के तहत लाए गए स्थगन प्रस्ताव पर चार दिन तक चर्चा हुई, जिसमें 30 सदस्यों ने भाग लिया और करीब 12 घंटे 11 मिनट तक सदन में चर्चा चली।
2200 विद्यार्थियों ने देखी विधानसभा की कार्यवाही
इस सत्र के दौरान जिला कांगड़ा और चंबा के 29 स्कूलों तथा 4 कॉलेजों के लगभग 2200 विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही देखी। कुलदीप पठानिया ने सदन के सुचारू संचालन में सहयोग के लिए सत्ता पक्ष, विपक्ष, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, मंत्रियों, अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार जताया।
Kangra, Kangra | Nov 21, 2026