भागलपुर, 18 अगस्त 2026:- टाउन हॉल, भागलपुर में आज प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय भव्य सोलर-सह-लोन मेला का सफल आयोजन किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सौर ऊर्जा के लाभों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने घरों पर सोलर पैनल स्थापित करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय ऊर्जा मंत्री, बिहार सरकार श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, जिला पदाधिकारी भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडेय, वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर श्री प्रमोद कुमार यादव, माननीय विधायक भागलपुर विधानसभा श्री रोहित पांडेय सहित अन्य वरीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर माननीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल पर्यावरण के लिए अनुकूल है, बल्कि आम जनता के बिजली खर्च को कम करने का बेहतर माध्यम भी है। मेले में विभागीय अभियंताओं द्वारा उपभोक्ताओं की तकनीकी शंकाओं का समाधान किया गया तथा सोलर पैनल लगाने एवं आवेदन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान सौर ऊर्जा के माध्यम से शून्य बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
मेले में आए उपभोक्ताओं को तत्काल पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कुल 111 उपभोक्ताओं ने सौर ऊर्जा अधिष्ठापन हेतु पंजीकरण कराया। वहीं मेले की अवधि में 05 उपभोक्ताओं के लोन की स्वीकृति प्रदान की गई तथा पूर्व से स्वीकृत 05 लोन का तकनीकी निदान कर संबंधित खातों में राशि उपलब्ध कराई गई।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने पर 3 किलोवाट तक केंद्र सरकार द्वारा ₹78,000 तथा राज्य सरकार द्वारा ₹20,000, अर्थात कुल ₹98,000 की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। सौर ऊर्जा के उत्पादन से उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य तक हो सकता है।
मेले में विभिन्न बैंकों द्वारा त्वरित लोन निष्पादन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न सोलर कंपनियों एवं बैंकों के प्रतिनिधियों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहाँ नागरिकों को सोलर पैनल की तकनीकी जानकारी के साथ आसान लोन से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
सोलर मेले में भागलपुर के हजारों स्थानीय नागरिकों एवं उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने और अपने घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का संकल्प लिया।