मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र और उत्कृष्ट विद्यालय का किया निरीक्षण
दिव्यांग बच्चों से किया आत्मीय संवाद, सहायक उपकरण किए वितरित; विद्यार्थियों से विज्ञान और गुरुत्वाकर्षण पर की चर्चा
मुरैना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत मुरैना प्रवास के दौरान जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र और उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया, बच्चों से आत्मीय संवाद किया और विद्यार्थियों से विज्ञान एवं गुरुत्वाकर्षण जैसे विषयों पर चर्चा की।
दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र में दिव्यांगजनों के उपचार, पुनर्वास और समग्र विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने न्यूरोलॉजिकल पुनर्वास कक्ष, बाल पुनर्वास कक्ष, शिशु एवं बाल चिकित्सा उपचार कक्ष तथा विद्युत चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण कर उपचार एवं पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने दिव्यांग बच्चों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं और उनकी प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
बच्चों की प्रतिभा की सराहना, सहायक उपकरण किए वितरित
मुख्यमंत्री ने पुनर्वास केंद्र में मौजूद दिव्यांग बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने अपने हाथों से बनाई गई गौशाला की पेंटिंग मुख्यमंत्री को भेंट की। वहीं, एक बच्चे ने विभिन्न राष्ट्रीय प्रतीकों को सांकेतिक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत कर उनके बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, छड़ी, घुटनों के सहायक पट्टे, दृष्टिबाधितजनों के लिए विशेष छड़ी, कॉलर बेल्ट और श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।
उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना के उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान और गुरुत्वाकर्षण के संबंध में चर्चा की तथा विद्यालय में स्थापित प्रयोगशाला का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से प्रयोगशाला में होने वाले प्रयोगों और विज्ञान विषय से जुड़ी जानकारी पर संवाद किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा भी लिया।
मुख्यमंत्री के विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।