धौलपुर के बांसुरी वादक राजीव गर्ग को जयपुर में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान*
धौलपुर। जिले के सुप्रसिद्ध बांसुरी वादक एवं श्रीजी बांसुरी एकेडमी के संस्थापक राजीव गर्ग (निवासी गांधी पार्क के सामने, बाड़ी, धौलपुर) को जयपुर में आयोजित समर्पण संस्था के 11वें विश्व स्तरीय अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया। उनकी संगीत साधना, कला के प्रति समर्पण एवं बांसुरी वादन के क्षेत्र में योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
जयपुर के त्रिवेणी नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के न्यू ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य समारोह में देश-विदेश की 40 विशिष्ट विभूतियों को 'ग्लोबल समर्पण समाज गौरव-2026' तथा 16 युवा प्रतिभाओं को 'समर्पण युवा जागृति-2026' सम्मान से नवाजा गया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर राजीव गर्ग को सम्मानित किया जाना धौलपुर जिले के लिए गौरव का विषय रहा।
राजीव गर्ग लंबे समय से बांसुरी वादन की साधना में जुटे हुए हैं। उन्होंने संगीत के प्रति अपने समर्पण और निरंतर अभ्यास से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। श्रीजी बांसुरी एकेडमी के माध्यम से वे बांसुरी वादन की कला एवं भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा को आगे बढ़ाने में भी योगदान दे रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि से धौलपुर जिले के संगीत प्रेमियों एवं कला जगत में हर्ष का माहौल है। यह सम्मान न केवल राजीव गर्ग की संगीत साधना का गौरव है, बल्कि जिले की सांस्कृतिक पहचान को भी नई प्रतिष्ठा प्रदान करता है।