रैयती भूमि के क्रय से संबंधित 63 प्रस्तावों की समीक्षा, जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सत्यापन के बाद ही प्रतिवेदन समर्पित करने का दिया निर्देश
छपरा, दिनांक 14 अक्टूबर 2026।
जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज रैयती भूमि के सरकार द्वारा क्रय किए जाने से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अंचलों से प्राप्त कुल 63 प्रस्तावों की समीक्षा की गई तथा भूमि से संबंधित अभिलेखों की शुद्धता, विवादरहित स्थिति एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुपालन पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में प्राप्त प्रस्तावों का अंचलवार विवरण निम्नवत है— छपरा सदर से 26, सोनपुर से 16, दरियापुर से 14, गड़खा से 4, नगर अंचल से 2 तथा दिघवारा से 1 प्रस्ताव प्राप्त हुआ था।
भूमि क्रय की प्रक्रिया एवं अभिलेखों की समीक्षा
बैठक में रैयती भूमि के क्रय से संबंधित निर्धारित प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर चर्चा की गई। इसके तहत जिला पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित प्रस्ताव में संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा खाता, खेसरा, खतियान, भूमि की स्थिति, एल.पी.सी. तथा स्थल जांच से संबंधित प्रतिवेदन सहित सभी आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन प्रतिवेदन शामिल रहता है। जिसके आधार पर निर्णय लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्ताव सक्षम स्तर पर अनुमोदन हेतु भेजा जाता है। अनुमोदन के बाद बिहार राज्य आवास बोर्ड द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई एवं निबंधन की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
अंचलाधिकारियों को स्वयं सत्यापन कर प्रतिवेदन देने का निर्देश
जिला पदाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि क्रय से संबंधित प्रस्तावों पर प्रतिवेदन समर्पित करने से पूर्व वे स्वयं सभी आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच करें। खाता, खेसरा, खतियान, एल.पी.सी., स्थल निरीक्षण प्रतिवेदन तथा भूमि के विवादरहित होने से संबंधित तथ्यों का समुचित सत्यापन सुनिश्चित करें। केवल अभिलेखों के आधार पर औपचारिक प्रतिवेदन देने के बजाय भूमि की वास्तविक स्थिति से संतुष्ट होने के बाद ही प्रतिवेदन समर्पित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि क्रय से संबंधित प्रस्तावों के निष्पादन में अभिलेखों की शुद्धता, स्थल जांच की विश्वसनीयता तथा निर्धारित प्रक्रिया का अनुपालन अनिवार्य है। संबंधित अंचलाधिकारियों द्वारा सत्यापित प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद ही प्रस्तावों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे भूमि क्रय की प्रक्रिया को पारदर्शी, नियमानुकूल एवं त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा।
1 views | Saharsa, Bihar | Oct 14, 2026