लीव-इन पार्टनर के साथ मारपीट करके हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 23 सितंबर । 22 सितंबर को थाना पालम विहार, गुरुग्राम की पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि धर्म कॉलोनी, गुरुग्राम स्थित एक किराए के मकान में एक महिला घायल अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर एक महिला खून से लथपथ एवं गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पुलिस टीम द्वारा महिला को एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा सीन-ऑफ-क्राइम एवं फिंगरप्रिंट टीमों को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण करवाया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।
उपरोक्त सम्बन्ध में मकान मालिक द्वारा पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बताया गया कि इसने अपना मकान किराए पर दिया हुआ है। 22 सितंबर को गली में शोर सुनाई देने पर जब यह बाहर आया तो इसने देखा कि इसका किराएदार आकाश अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। आकाश ने अपनी पत्नी के सिर पर चोट मारी और वहां से भाग गया। गंभीर चोट लगने के कारण आकाश की पत्नी की मृत्यु हो गई। मकान मालिक की शिकायत के आधार पर थाना पालम विहार, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
थाना पालम विहार, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में आरोपी आकाश, उम्र 33 वर्ष, निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी धर्म कॉलोनी, गुरुग्राम को 22 सितंबर को धर्म कॉलोनी, गुरुग्राम से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी गुरुग्राम में बस चालक के रूप में कार्य करता है तथा मृतका उसकी पत्नी नहीं थी। आरोपी वर्ष-2020 से मृतका के साथ लीव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। आरोपी से पुलिस पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि 22 सितंबर को किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद आरोपी ने महिला के साथ डंडे, पाइप एवं बेलन से मारपीट की। मारपीट के दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं, जिनके कारण उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से हत्या करने की वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किए गए डंडा, पाइप तथा बेलन को बरामद किए गए ।
पुलिस टीम द्वारा मामले से संबंधित अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी को आगामी कार्यवाही के लिए आज दिनाँक 23.09.2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। अभियोग का अनुसंधान जारी है।