गुरुग्राम यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक में अचानक लगी आग पर पाया काबू, यातायात व्यवस्था को रखा सुचारू।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 23 सितंबर । कल शाम करीब 7 बजे NH-48 पर बिलासपुर चौक के पास दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम यातायात पुलिस में तैनात ZO बिलासपुर चौक ASI प्रशांत, कांस्टेबल विनोद तथा HGH भोजराज ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा तत्काल दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाले वाहनों को सुरक्षित रूप से रुकवाया गया तथा फायर एक्सटिंग्विशर की सहायता से ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया। इसके पश्चात ट्रक को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर करवाया गया, जिससे यातायात मार्ग बाधित न हो और अन्य वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गुरुग्राम यातायात पुलिस की तत्पर कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पाया गया तथा NH-48 पर यातायात व्यवस्था को पुनः सुचारू रूप से संचालित किया गया।
गुरुग्राम यातायात पुलिस सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के साथ-साथ आपात परिस्थितियों में भी आमजन की सहायता के लिए सदैव तत्पर है।