पीएम आवास योजना के तहत लाभुकों को मिली आवास की चाबी, नए लाभुकों को स्वीकृति पत्र,
शिवहर।प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत गुरुवार को पिपराही प्रखंड मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों के गृह प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कराई गई। वहीं नई चयनित लाभुकों के बीच आवास निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार जुड़े और लाभुकों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में आवास निर्माण पूरा कर चुके लाभुकों के बीच शुभकामना पत्र एवं आवास की चाबी वितरित की गई। अधिकारियों ने पूर्ण आवास वाले लाभुकों को नए पक्के घर के लिए शुभकामनाएं दीं। बताया गया कि आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है, ताकि गरीब परिवारों का अपना घर होने का सपना पूरा हो सके।
10 लाभुकों को प्रथम किस्त की स्वीकृति
कार्यक्रम के दौरान नई चयनित पात्रता रखने वाले लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृति पत्र दिया गया। प्रथम किस्त भुगतान के लिए 10 लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। लाभुकों को आवास निर्माण की प्रक्रिया समय पर शुरू करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया।
पूर्ण आवास वालों को चाबी और शुभकामना पत्र
आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों के लिए कार्यक्रम खास रहा। करीब 15 लाभुकों को शुभकामना पत्र एवं आवास की चाबी प्रदान की गई। इसके अलावा पूर्ण किए गए आवास से संबंधित आवश्यक प्रपत्र भी लाभुकों को उपलब्ध कराए गए। चाबी मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। लंबे समय से पक्के घर की उम्मीद लगाए परिवारों के लिए यह अवसर यादगार रहा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े मंत्री
कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने योजना की प्रगति एवं लाभुकों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाना और स्वीकृत आवासों को समय पर पूरा कराना प्राथमिकता है।
अधिकारी व आवास सहायक रहे मौजूद
कार्यक्रम में पिपराही के बीडीओ अंजनी कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी पंकज कुणाल, प्रखंड लेखापाल पंकज कुमार एवं पप्पू सिंह रतनपुर सहित सभी आवास सहायक मौजूद रहे। अधिकारियों ने लाभुकों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी दी तथा आवास निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र, शुभकामना पत्र एवं आवास की चाबी का वितरण किया गया।