पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मु०-01), सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान अक्टूबर माह में दर्ज एवं लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार, बलात्कार एवं पॉक्सो अधिनियम से संबंधित मामलों में विशेष गंभीरता बरतते हुए निर्धारित 60 दिनों की समय-सीमा के भीतर अनुसंधान पूर्ण कर आरोप-पत्र समर्पित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही, अन्य गंभीर एवं संवेदनशील मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान तथा गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की-जब्ती के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन एवं प्रभावी अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
आगामी छठ पूजा के मद्देनजर सभी घाटों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन करने तथा पर्याप्त संख्या में गोताखोरों को चिन्हित कर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों को चिन्हित कर धारा 126/135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत निरोधात्मक कार्रवाई एवं बंधपत्र की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, सक्रिय गश्ती एवं प्रभावी आसूचना संकलन को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।
गोष्ठी के अंत में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा उनके निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता एवं सक्रियता बनाए रखते हुए जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया गया।