#Bahraich - बुलडोजर पर सवार होकर युवक ने निकाली बारात , अनोखी बारात को देखने उमड़े लोग
बहराइच। शादियों में दूल्हे को घोड़ी या लग्जरी कार पर सवार होकर ससुराल जाते तो आपने खूब देखा होगा, लेकिन पयागपुर क्षेत्र में एक दूल्हे ने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए ऐसा अनोखा अंदाज अपनाया कि देखने वाले भी हैरान रह गए। दूल्हा राजा कार या घोड़ी के बजाय बुलडोजर पर सवार होकर अपनी ससुराल के लिए रवाना हुआ। उसकी इस अनोखी सवारी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, पयागपुर क्षेत्र के ग्राम अरकापुर निवासी अब्बू कलाम पुत्र लल्लू मनिहार की शादी बलरामपुर जिले में हुई है। शादी के बाद जब दूल्हे को अपनी दुल्हन के साथ ससुराल जाना था तो उसने पारंपरिक सवारी के बजाय बुलडोजर को चुना। इसके बाद वह बुलडोजर पर सवार होकर अपनी ससुराल के लिए निकल पड़ा। सड़क पर बुलडोजर पर सवार दूल्हे को देखकर लोग ठिठक गए और इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल में कैद करने लगे।
दूल्हे की इस अनोखी सवारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे दूल्हे का अनोखा शौक बता रहा है तो कोई शादी को यादगार बनाने का नया अंदाज मान रहा है।
Mahasi, Bahraich | Nov 17, 2026