*80वाँ स्वतंत्रता दिवस मुरैना जिले में हर्षोल्लास, गौरव एवं राष्ट्रभक्ति के उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न*
*कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का श्रीफल देकर किया सम्मान*
*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश एलईडी स्क्रीन के माध्यम से हुआ लाइव प्रसारित*
मुरैना, 15 अगस्त 2026/मुरैना जिले में देश का 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस अपार उत्साह, देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं गरिमामय वातावरण के मध्य हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह में आकर्षक परेड, मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विविध कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर राष्ट्र के प्रति उनके परिवारों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कृषि मंत्री श्री कंषाना द्वारा परेड का निरीक्षण किया तथा विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। उन्होंने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया तथा शांति, सद्भाव, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेशवासियों के नाम संदेश एलईडी स्क्रीन के माध्यम लाइव प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने गंभीरता एवं उत्साह के साथ सुना।
समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा जिले की विकास यात्रा, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित संदेश का वाचन किया इसके उपरांत जिले की विकास पुस्तिका का भी वितरण किया गया।
*परेड में अनुशासन, शौर्य एवं समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन*
मुख्य समारोह में मुख्य परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री रविकांत शुक्ला तथा द्वितीय परेड कमांडर श्री कपिल पाराशर के नेतृत्व में विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासन, दक्षता एवं राष्ट्रसेवा की भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। परेड में एसएएफ 5 वीं बटालियन, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), वन रक्षक दल, एनसीसी आर्मी (सीनियर एवं जूनियर डिवीजन), एनसीसी नेवल जूनियर डिवीजन, स्काउट एवं गाइड (बालक एवं बालिका) तथा शौर्य दल की टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमुदाय की भरपूर सराहना अर्जित की।
उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के लिए एसएएफ 5 वीं बटालियन को प्रथम, जिला पुलिस बल (महिला) को द्वितीय तथा एनसीसी सीनियर डिवीजन को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
*देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बाँधा समाँ*
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत एवं राष्ट्र गौरव पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, अशासकीय सेंट मेरी पब्लिक स्कूल, विक्टर कॉन्वेंट स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, लिटिल फ्लॉवर स्कूल तथा शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुरैना के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए सरस्वती शिशु मंदिर, मुरैना को प्रथम, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को द्वितीय तथा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने वनरक्षक स्वर्गीय श्री हरिकेश गुर्जर की धर्मपत्नी को 25 लाख रुपये की विशेष अनुग्रह सहायता राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि 8 अप्रैल 2026 को अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की रोकथाम के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए श्री हरिकेश गुर्जर वीरगति को प्राप्त हुए थे।
समारोह में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र, शील्ड एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
*जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति*
समारोह में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर, चंबल संभाग आयुक्त श्री सुरेश कुमार, चंबल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सुनील कुमार जैन, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, वनमंडलाधिकारी श्री हरिशन्द्र बघेल, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह सहित जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संपूर्ण समारोह के दौरान राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, एकता एवं अखंडता की भावना का अनुपम संगम देखने को मिला। उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वतंत्रता दिवस समारोह को अविस्मरणीय, प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन श्री सुधीर आचार्य एवं श्री श्याम सिकरवार ने किया।