सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प 7 अक्टूबर को निकलेगी*
--
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक निर्देश
----
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने सोमवार को प्रातः 10 बजे आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न अभियानों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मीना ने सर्वप्रथम सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों द्वारा बेहतर कार्य किया गया है। आगे भी इसी समन्वय और सक्रियता के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
*7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा*
बैठक में बताया गया कि विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ का आयोजन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। यात्रा में कलश एवं मशाल प्रमुख आकर्षण होंगे। प्रचार वाहन के माध्यम से शासन की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
समापन अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। कार्यक्रम में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में जिले की विकास यात्रा एवं शासन की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा तथा उपस्थित जनसमूह को जिला विकास पुस्तिका का वितरण किया जाएगा।
कलेक्टर श्री मीना ने अधिकारियों को यात्रा के रूट, कलश, प्रचार वाहन, सुरक्षा, यातायात सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा समस्त अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियों की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन कर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने को कहा।
*सेवा सेतु अभियान की हुई समीक्षा*
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ की समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खाद्य विभाग के हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके लिए लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने को कहा।
*सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें*
कलेक्टर श्री मीना ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। जननी सुरक्षा योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कुछ प्रकरण ई-केवाईसी के कारण लंबित हैं। कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) से समन्वय कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन में लंबित विभागवार प्रकरणों की भी समीक्षा की और सभी अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*संस्थाओं के निरीक्षण एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर*
कलेक्टर ने विभिन्न संस्थाओं के निरीक्षण के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। नोडल अधिकारी किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारी से समन्वय कर उसका निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने भूमि से संबंधित लंबित प्रकरणों में भी आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Jansampark Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Oct 5, 2026