बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए स्कूलों में खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली
खिर्सू ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के तहत बच्चों को किया जागरूक, बताए दवा के फायदे
श्रीनगर। बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने और उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खिर्सू विकासखंड के श्रीनगर सहित विभिन्न विद्यालयों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) के तहत बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। इस दौरान बच्चों को दवा की उपयोगिता और इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के तहत राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सौडू क्वीसू में शिक्षिका श्रीमती सुबोध चमोली, संस्कृति विद्यालय श्रीनगर में आचार्य गिरीश डिमरी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गहड़ में शिक्षक जसपाल गुंसाई तथा गढ़वाल विश्वविद्यालय में फार्मासिस्ट रवीन्द्र कुमार के सहयोग से बच्चों एवं विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की गोली दी गई। इसके अलावा आईटीआई श्रीनगर, केंद्रीय विद्यालय सहित विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में भी अभियान संचालित किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को बताया कि एल्बेंडाजोल एक कृमिनाशक दवा है, जो पेट में होने वाले विभिन्न प्रकार के कीड़ों को नष्ट करने में मदद करती है। पेट में कीड़े होने से बच्चों में खून की कमी, कुपोषण, पेट दर्द, भूख न लगना, कमजोरी और शारीरिक विकास प्रभावित होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। नियमित रूप से निर्धारित अंतराल पर कृमिनाशक दवा लेने से इन समस्याओं की रोकथाम में मदद मिलती है। इससे बच्चों के पोषण स्तर, शारीरिक विकास और पढ़ाई में एकाग्रता बनाए रखने में भी लाभ मिलता है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के काउंसलर मनमोहन, सपना और संगीता सहित स्कूल हेल्थ प्रोग्राम की टीम, स्वास्थ्य कर्मियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग दिया। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई और हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखने के साथ ही उन्हें स्वस्थ, सुपोषित और बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है।
Parliament Street, New Delhi | Nov 19, 2026