गाँव बापौली में बदमाशों का आतंक, कपड़े की दुकान पर पथराव कर किया जानलेवा हमला, मौके पर पहुँची पुलिस
बापौली:-
गाँव बापौली के मुख्य अड्डे पर स्थित रहेजा गारमेंट्स की दुकान पर बदमाशों द्वारा हंगामा करने, पथराव करने और दुकानदार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद गाँव में भय का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे तीन व्यक्ति गाड़ी में सवार होकर रहेजा गारमेंट्स पर पहुँचे। उन्होंने दुकान से लगभग 4,000 रुपये के कपड़े पसंद किए, लेकिन बाद में पैसे देने से मना करने लगे। उस समय दुकान के मालिक तरुण रहेजा किसी काम से पानीपत गए हुए थे। जब दुकान पर मौजूद सेल्समैन ने उधार देने से इनकार किया, तो उन लोगों ने दुकानदार से फोन पर बात कराने को कहा। फोन पर बातचीत के दौरान एक बदमाश ने दुकानदार तरुण रहेजा को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। उसने धमकाते हुए कहा कि वह उन्हें और उनके परिवार को गाँव में नहीं रहने देगा।
आरोप है कि कुछ समय बाद तीन-चार बदमाश गाड़ी में सवार होकर दोबारा दुकान पर पहुँचे और ईंट-पत्थरों से पथराव कर दिया। इस घटना में दुकान को भारी नुकसान पहुँचने की बात कही जा रही है। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुँची। दिनदहाड़े अथवा सरेआम इस प्रकार की धमकियों और हिंसक घटनाओं से दुकानदारों एवं ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जाँच करने, आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की माँग की है।
Israna, Panipat | Oct 14, 2026