आकांक्षी विकासखंड बजाग पहुंचे संभागायुक्त, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं की परखी जमीनी हकीकत
स्कूलों-छात्रावासों में प्रवेश अभियान चलाने, स्वास्थ्य सेवाओं और खाद-बीज उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
संभागायुक्त धनंजय सिंह ने शुक्रवार को डिंडोरी जिले के आकांक्षी एवं अनुसूचित जनजाति बाहुल्य विकासखंड बजाग का सघन दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सहकारिता और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जमीनी प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूलों एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों के प्रवेश को विशेष अभियान के रूप में संचालित कर समय-सीमा में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
दौरे के दौरान संभागायुक्त ने हाईस्कूल सरवाही का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने छात्रों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए अधिकारियों को अपार आईडी निर्माण, पाठ्यपुस्तकों के समय पर वितरण तथा सीएम राइज स्कूलों के सुव्यवस्थित संचालन एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हर्रा टोला का निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। साथ ही हर्रा टोला स्थित सहकारी संस्था पहुंचकर किसानों को खाद वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया और निर्देश दिए कि खाद का वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी ढंग से किया जाए।
संभागायुक्त ने ग्राम मझियाखार में किसान जितेंद्र साहू द्वारा विकसित जैविक उद्यानिकी मॉडल का अवलोकन किया और किसानों से आधुनिक एवं जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने ग्राम पंचायत चाड़ा स्थित वन्या रेडियो सेंटर का भी निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवाही में आयोजित स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधन कार्यशाला-सह-समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नियमित टीकाकरण तथा कुपोषण मुक्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण प्रबंधन की मासिक समीक्षा एवं कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश देते हुए कम प्रगति वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए।
डिंडोरी कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन, पीएम राहत, वनाधिकार अधिनियम, पीएम आवास योजना, संबल योजना, जल गंगा संवर्धन अभियान, पीएम जनमन, पीएमजीएसवाई तथा जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने कृषि विभाग को खाद, बीज एवं कीटनाशकों की गुणवत्ता पर नियमित निरीक्षण करने तथा अमानक सामग्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही प्राकृतिक खेती और नरवाई प्रबंधन को बढ़ावा देने पर बल दिया।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनू योजना, हिरण्यगर्भा योजना, क्षीरधारा ग्राम अभियान एवं आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं मत्स्य पालन विभाग को मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना, स्मार्ट फिश पार्लर, केज कल्चर एवं मत्स्य पालकों के किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त ने सभी छात्रावासों, स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, पेयजल टंकियों की नियमित सफाई तथा जल गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा कम प्रगति वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
इस दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी सहित जिला एवं संभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#Dindori #Bajag #CommissionerVisit #EducationForAll #SchoolEnrollment #CMRise #HealthMission #PoshanAbhiyan #AyushmanArogyaMandir #PMAwas #JalJeevanMission #JalGanga #OrganicFarming #TribalDevelopment #MadhyaPradesh #GoodGovernance #Development #NationalNews #BreakingNews #ViralNews