रावटी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठानों से घी जब्त
तीनों प्रतिष्ठानों से घी के नमूने जांच हेतु लिए, कुल 133 किलोग्राम घी जब्त
उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया द्वारा रावटी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर घी के नमूने जांच हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा आरजी किराना, रावटी का निरीक्षण किया गया। यहां से घी का नमूना जांच हेतु लिया गया तथा 15 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार रुपए है, जब्त किया गया।
इसके बाद सिद्धार्थ ट्रेडर्स, बस स्टैंड रावटी का निरीक्षण कर देशी घी का नमूना जांच हेतु लिया गया। मौके से 43 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 27 हजार रुपए है, जब्त किया गया।
इसी क्रम में श्री कृष्ण डेयरी, रावटी से श्री रत्नागिरी घी का नमूना जांच हेतु लिया गया। यहां से 75 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 31 हजार रुपए है, जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए घी के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी। तीनों प्रतिष्ठानों से कुल 133 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 67 हजार रुपए है, जब्त किया गया है।
#JanSampark #ratlam