झारखंड का जलवा बरकरार, दिल्ली को हराकर लगातार दूसरी बार जीता खिताब
फाइनल में झारखंड ने दिल्ली को 1-0 से दी शिकस्त, छत्तीसगढ़ को हराकर जम्मू-कश्मीर ने हासिल किया तीसरा स्थान
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा- युवा पीढ़ी कंप्यूटर और मोबाइल गेम से बाहर निकलकर मैदानी खेलों में ले भाग
-----
मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग के नेतृत्व में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल स्पर्धा का रविवार को भव्य समापन हुआ। छतरपुर जिला मुख्यालय के चार खेल मैदानों पर 12 से 17 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शहर के बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में झारखंड और दिल्ली की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में झारखंड ने दिल्ली को 1-0 से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। वहीं तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने छत्तीसगढ़ को 4-0 से शिकस्त दी।
आदित्य का गोल बना जीत का आधार
फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और टीम भावना देखने को मिली। पहले हाफ में झारखंड के खिलाड़ी आदित्य ने शानदार पासिंग के बाद गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। यह गोल निर्णायक साबित हुआ। दिल्ली की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन झारखंड के मजबूत डिफेंस और बेहतर रणनीति के सामने उसकी एक नहीं चली। निर्धारित समय तक दिल्ली गोल नहीं कर सकी और झारखंड ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
मोबाइल गेम से बाहर निकलकर मैदान में खेलें युवा : विद्या अग्निहोत्री
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विद्या हरिओम अग्निहोत्री ने कहा कि खेल भावना ही खिलाड़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। युवा पीढ़ी कंप्यूटर और मोबाइल गेम से बाहर निकलकर मैदानी खेलों में भाग ले। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन एवं टीम भावना भी विकसित होती है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. भरत पाठक ने कहा कि हमेशा अच्छा खिलाड़ी बनने का प्रयास करना चाहिए। जुगाड़ नहीं, बल्कि सच्ची प्रतिभा ही जीत दिलाती है।
पिछले वर्ष पंजाब को हराकर बनी थी विजेता
झारखंड टीम के कोच अभिजीत मंडल ने बताया कि प्रतियोगिता में टीम ने तीन लीग मुकाबलों में से दो में जीत दर्ज की और एक मुकाबला ड्रॉ रहा। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। गौरतलब है कि झारखंड ने पिछले वर्ष उमरिया में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में पंजाब को हराकर खिताब जीता था। इस बार दिल्ली को हराकर टीम ने लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की।
फाइनल मुकाबले में सेंटर रेफरी संतोष यादव की भूमिका महत्वपूर्ण रही। प्रतियोगिता में रितेश यादव, नवीन, रामचंद्र सिंह तोमर, मुजम्मिल खान एवं टेबल रेफरी बसीर खान सहित अन्य रेफरियों ने भी सराहनीय जिम्मेदारी निभाई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झलके विभिन्न राज्यों के रंग
समापन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। संदीपनी स्कूल के विद्यार्थियों ने दिवारी एवं कार्तिक नृत्य प्रस्तुत किया। पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने कश्मीरी गीत पर नृत्य कर कश्मीर की संस्कृति की झलक दिखाई। वहीं डिलाइट इंग्लिश स्कूल के बच्चों ने राजस्थानी गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।
Jansampark Madhya Pradesh
#chhatarpur