धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर डॉ. विजय सिंह गागराई ने किया माल्यार्पण
बोले – भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान सदैव समाज को अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता रहेगा
चक्रधरपुर। झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत भरनिया पंचायत के टोकलो स्थित हाट मैदान में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने धरती आबा के चरणों में नमन करते हुए उनके संघर्ष, त्याग, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को याद किया। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण, महिला-पुरुष एवं युवा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा केवल झारखंड के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने अदम्य साहस, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता से अंग्रेजी हुकूमत की अन्यायपूर्ण नीतियों को चुनौती दी और आदिवासी समाज को अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए एकजुट किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि अपने अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं और सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा सजग एवं संगठित रहना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने जिस सामाजिक चेतना, एकता और स्वाभिमान का संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। वर्तमान पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। विशेषकर युवाओं को शिक्षा, सामाजिक एकता, नशामुक्ति और समाज के विकास के लिए आगे आना चाहिए।
डॉ. गागराई ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा और प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली में निहित है। इन विरासतों को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। धरती आबा का सपना एक ऐसे समाज का था, जहां शोषण, अन्याय और भेदभाव के लिए कोई स्थान न हो तथा हर व्यक्ति को सम्मान और अधिकार मिले।
अंत में उन्होंने सभी लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने, समाज में एकता बनाए रखने तथा शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से मजबूत झारखंड के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर मानकी बागुन सोय, ग्राम मुंडा हरिचरण गागराई, मुंडा वीरसिंह हासदा,समाजसेवी विजय सिंह मेलगांडी, मुखिया सेलाय मुंडा,गंगा गागराई,भाजपा मंडल अध्यक्ष कांडे पड़िया पूर्व मंडल अध्यक्ष मधु सामड ,कृष्णा गागराई, अजय गागराई सहित सैकड़ों ग्रामीण महिला पुरूष उपस्थित थे।