चम्बा की शान 'सलूणी सफेद मक्का' को मिला GI टैग, संगठन ने जताई खुशी; किसानों से पारंपरिक सफेद मक्का की अधिक से अधिक बिजाई की अपील
सलूणी (चम्बा): चम्बा जिले की प्रसिद्ध एवं पारंपरिक सलूणी सफेद मक्का को भौगोलिक संकेत (GI) टैग मिलने पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सफेद मक्का संगठन के प्रधान याकूब मागरा और सचिव कृष्ण पंडित ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के किसानों और स्थानीय समुदाय की वर्षों की मेहनत का सम्मान बताया।
संगठन के प्रधान याकूब मागरा ने कहा कि सलूणी सफेद मक्का को GI टैग मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक टैग नहीं, बल्कि पूर्वजों द्वारा संरक्षित पारंपरिक बीजों और किसानों की मेहनत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। इससे उत्पाद की प्रामाणिकता सुरक्षित होगी, बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को बेहतर दाम मिलने की संभावना बढ़ेगी।
वहीं सलूणी श्वेत मक्का संगठन के प्रधान याक़ूब मागरा, सचिव कृष्ण पंडित आदि जानकारी देते हुऐ।
सलूणी ब्लॉक के सभी किसान भाइयों और बहनों से अपील करते हुए कहा कि GI टैग मिलने से अब सलूणी सफेद मक्का की पहचान वैश्विक बाजार तक पहुंचेगी। उन्होंने किसानों से इस सीजन में अधिक से अधिक क्षेत्र में पारंपरिक सफेद मक्का की बिजाई करने का आग्रह किया। साथ ही आश्वस्त किया कि संगठन किसानों को उन्नत एवं पारंपरिक बीज तथा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश के जिन 8 पारंपरिक उत्पादों को GI टैग प्राप्त हुआ है, उनमें सलूणी सफेद मक्का भी शामिल है। ऊंचाई वाले ठंडे क्षेत्रों में पारंपरिक तरीके से उगाई जाने वाली इस मक्का के दाने सफेद, बड़े, मुलायम और स्वादिष्ट होते हैं, जिनका स्थानीय खान-पान और संस्कृति में विशेष महत्व है। GI टैग मिलने से अब इस अनूठे उत्पाद की पहचान और प्रामाणिकता राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सुरक्षित हो गई है।
— सुनील पहाड़ी | पहाड़ी न्यूज़
#SalooniWhiteMaize #GITag #Chamba #HimachalPradesh #Salooni #WhiteMaize #Farmers #PahadiNews #Agriculture #TraditionalCrops
Chamba, Chamba | Jul 4, 2026