तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से वीडियोग्राफर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जमुई। जिले के टाउन थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय वीडियोग्राफर कुणाल कुमार साह की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार देर रात खरगोर के समीप उस समय हुआ, जब कुणाल शादी समारोह में वीडियोग्राफी का काम समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, कुणाल मंजोश क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह की वीडियोग्राफी कर वापस माहिसौड़ी स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुणाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतक कुणाल कुमार साह माहिसौड़ी का रहने वाला था और पेशे से वीडियोग्राफर था। वह अपने परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी, जबकि उसके पिता लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
Jamui, Jamui | Jun 23, 2026