कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने जनसुनवाई में सुनी आमजन की समस्याएं, पेयजल समस्या के निराकरण के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जिला प्रवास की तैयारियों की समीक्षा, जनविश्वास शिविर एवं सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश
आलीराजपुर, 10 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में आज जनसुनवाई कक्ष में समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित आलीराजपुर जिला प्रवास के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जोबट एवं डाबड़ी में प्रस्तावित सभा स्थलों तथा हेलीपेड का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभा स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय रहते पूर्ण की जाए। साथ ही अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन करते हुए तैयारियों की जानकारी जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी एवं जनविश्वास शिविर में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि जनविश्वास शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। आगामी शुक्रवार को जोबट विकासखंड के ग्राम बड़ा गुड़ा में जनविश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों के निराकरण एवं आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
**जनसुनवाई में पेयजल समस्या का निराकरण करने के निर्देश**
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए कुल 6 आवेदन प्राप्त किए। इस दौरान ग्राम मोरियावाड़ा के वल्ली फलिया, ग्राम पंचायत मोरधी, विकासखंड कट्ठीवाड़ा के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने बताया कि फलिये में 20 से अधिक मकान एवं लगभग 100 की आबादी निवासरत है। पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए । इस पर कलेक्टर श्रीमती माथुर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण एवं ग्रामीण के लिए पेयजल समस्या का स्थायी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, संयुक्त कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Indore Commissioner
#JanSunwai
#collector
#alirajpur
Alirajpur, Madhya Pradesh | Nov 10, 2026