🚨पुराना शिमला बाईपास पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, 10 बीघा तक अवैध प्लॉटिंग सील
श्रीराम कॉलेज के पास बिना स्वीकृत मानचित्र के विकसित की जा रही थी अवैध कॉलोनी, एमडीडीए ने की कार्रवाई
देहरादून में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने पुराना शिमला बाईपास क्षेत्र में करीब 8 से 10 बीघा भूमि पर की जा रही अनाधिकृत प्लॉटिंग को सील कर दिया। यहां बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के कॉलोनी विकसित करने की तैयारी चल रही थी।
एमडीडीए के अनुसार, पुराना शिमला बाईपास स्थित श्रीराम कॉलेज, शेरपुर, सेलाकुई के निकट भू-स्वामी सनो गुप्ता एवं हिरशाद की भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। मौके पर जमीन को प्लॉटिंग के लिए विकसित करने के उद्देश्य से सड़क का चिन्हीकरण भी किया गया था। जांच में प्राधिकरण से स्वीकृत तलपट मानचित्र नहीं पाया गया।
मामले में एमडीडीए ने उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम) के प्रावधानों के तहत वाद दायर किया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थल को सील कर दिया गया।
एमडीडीए अधिकारियों का कहना है कि बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों से भविष्य में सड़क, पेयजल, बिजली और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं पैदा होती हैं। साथ ही ऐसी जगहों पर भूखंड खरीदने वाले लोगों को भी कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि जमीन या भूखंड खरीदने से पहले उसके भू-उपयोग, स्वीकृत लेआउट और एमडीडीए की जरूरी अनुमतियों की जांच जरूर करें।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग एवं अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुराना शिमला बाईपास में 8 से 10 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के की जा रही प्लॉटिंग को नियमानुसार सील किया गया है। सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।