छठ व्रतियों की सेवा में आगे आए कांटी विधायक अजीत कुमार, तीसरे दिन भी 300 महिलाओं के बीच बांटी पूजन सामग्री
लोक आस्था के महापर्व छठ की खुशियों में कोई भी जरूरतमंद परिवार पीछे न रह जाए, इसी संकल्प के साथ कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार लगातार सेवा अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी पूजन सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान कांटी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचीं करीब 300 छठ व्रती महिलाओं के बीच गेहूं, चावल और साड़ी का वितरण किया गया। पूजन सामग्री पाकर व्रती महिलाओं के चेहरे पर खुशी और संतोष देखने को मिला।
इस मौके पर विधायक ई. अजीत कुमार ने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, पवित्रता और सामाजिक एकजुटता का महापर्व है। भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना में किसी भी परिवार की आर्थिक स्थिति बाधा नहीं बननी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ जरूरतमंद व्रती महिलाओं के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया जा रहा है, ताकि आर्थिक अभाव में किसी की आस्था प्रभावित न हो।
विधायक ने आगे कहा कि पर्व की असली खुशी तभी है, जब समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान हो। जरूरतमंदों की सेवा और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना उनकी प्राथमिकता है।
#AjitKumar #KantiVidhayak #ChhathMahaparv #ChhathPuja2026 #Muzaffarpur
Musahri, Muzaffarpur | Nov 13, 2026