रनेह थाने से फरार झोलाछाप डॉक्टर टीकमगढ़ से गिरफ्तार, तीन पुलिसकर्मी पहले ही निलंबित, एसपी आनंद कलादगी ने दी जानकारी
दमोह। रनेह थाना पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए झोलाछाप डॉक्टर लीलाधर चौधरी (35) निवासी बमनपुरा, थाना पटेरा को पुलिस ने शनिवार सुबह टीकमगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रनेह थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। एसपी आनंद कलादगी ने आज शनिवार दोपहर 3 बजे जानकारी देते हुए बताया कि उसकी तलाश में दो पुलिस टीमें लगी थीं, जिन्हें सफलता मिली। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
लीलाधर पर दो माह पहले गलत इलाज से एक नाबालिग बच्ची की मौत के मामले में धारा 105 बीएनएस और मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा 24 के तहत केस दर्ज है। उसे गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार तड़के वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था।
मामले में लापरवाही पाए जाने पर HCM शिवराज सिंह, ड्यूटी ऑफिसर केवल नारायण मिश्रा और आरक्षक श्रीराम प्रजापति को निलंबित किया जा चुका है। वहीं थाना प्रभारी चंदन सिंह और विवेचक एएसआई मुफीस अहमद को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा इस तरह से पुलिसकर्मियों की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Damoh, Damoh | Jul 11, 2026