कुत्ते को डंडा मारने के विवाद में युवक की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने लगाया जाम
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर नौखंडा में कुत्ते को डंडा मारने को लेकर शुरू हुआ विवाद युवक की संदिग्ध मौत के बाद गंभीर हो गया। 30 वर्षीय संदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने पड़ोसियों पर मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
परिजनों के मुताबिक, करीब दो दिन पहले संदीप टहलने निकले थे। इसी दौरान एक कुत्ता उन पर भौंकते हुए दौड़ा, जिसके बाद बचाव में उन्होंने कुत्ते को लकड़ी से मार दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई।
गंभीर हालत में संदीप को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने पर बिसरा सुरक्षित किया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम हाउस में छोड़कर फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। करीब 45 मिनट तक जाम लगा रहा।
सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी अभय वर्मा ने परिजनों से बातचीत कर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
#फर्रुखाबाद #फतेहगढ़ #हुसैनपुरनौखंडा #फतेहगढ़कोतवाली #युवककीमौत #संदिग्धमौत #हत्या_का_आरोप #जाम #पुलिसजांच #सीओसिटी #अभयवर्मा #लोहियाअस्पताल #पोस्टमार्टम #बिसराजांच #फर्रुखाबादन्यूज #फतेहगढ़न्यूज #ब्रेकिंगन्यूज #उत्तरप्रदेशसमाचार #लोकलन्यूज #ताजा_खबर