डीएम का औचक निरीक्षण: गौशाला से पंचायत घर तक परखी विकास कार्यों की हकीकत
अमृतपुर/फर्रुखाबाद
तहसील समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को विकासखंड राजेपुर क्षेत्र के ग्राम खंडौली स्थित गौशाला एवं पिथनापुर पंचायत घर का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति परखी।
खंडौली गौशाला में 263 गोवंश संरक्षित
जिलाधिकारी ने गौशाला पहुंचकर गोवंश के लिए उपलब्ध चारा, स्वास्थ्य सुविधाओं, शेड और संरक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला परिसर में सघन वृक्षारोपण कराया जाए और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रत्येक संरक्षित गोवंश की ईयर टैगिंग कराई जाए। बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने की व्यवस्था की जाए, ताकि संक्रमण फैलने की संभावना कम हो। गोवंश की देखभाल में लगे संरक्षकों का भुगतान भी समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने मादा बछड़ों को पात्र कुपोषित परिवारों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को कहा, जिससे बछड़ों के पालन-पोषण के साथ कुपोषित बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौवंश को गुड़ एवं चना खिलाया।
अधिकारियों के अनुसार गौशाला में कुल 263 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 195 नर और 68 मादा गोवंश शामिल हैं। सभी गोवंश का टीकाकरण कराया जा चुका है। गौशाला में पांच शेड बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 50 गोवंश रखने की है। प्रतिदिन करीब 33 कुंतल हरा चारा उपलब्ध कराया जाता है, जबकि वर्तमान में 68 कुंतल भूसा भी उपलब्ध है।
पिथनापुर पंचायत घर में पुस्तकालय का शुभारंभ
इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम पिथनापुर स्थित पंचायत घर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने नवनिर्मित पुस्तकालय का फीता काटकर शुभारंभ किया।
डीएम ने निर्देश दिए कि पुस्तकालय में अध्ययन करने आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था हो तथा पुस्तकालय को नियमित रूप से साफ और स्वच्छ रखा जाए। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की सूची पंचायत घर के मुख्य द्वार की दीवार पर चस्पा कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को पुस्तकों की जानकारी आसानी से मिल सके।
किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को निर्देशित किया कि ग्राम के सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत पूर्ण कराई जाए।
औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
#Farrukhabad #Amritpur #Rajepur #Khandoli #Pithnapur #DMFarrukhabad #DrAnkurLather #DistrictAdministration #Gaushala #GauSeva #CowProtection #VillageDevelopment #Library #FarmerRegistry #Farmers #RuralDevelopment #UttarPradesh #FarrukhabadNews #AmritpurNews #RajepurNews #LocalNews #BreakingNews #DevelopmentNews