बरगवां पुलिस की दोहरी कार्रवाई
चोरी की बाइक समेत आरोपी गिरफ्तार, हत्या का 10 हजार का इनामी आरोपी भी धराया, बीते वर्ष जमीनी विवाद में हुई थी हत्या
बरगवां थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ओर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी कार्रवाई में हत्या के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे 10 हजार के इनामी आरोपी रज्जू उर्फ रजीमुद्दीन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
जानकारी अनुसार अपराध क्रमांक 566/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में फरियादी सुनीत जायसवाल, पिता धीरेशचन्द्र जायसवाल उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम नौढिहवा पोस्ट गंगी थाना चितरंगी हालमुक़ाम निवासी दिलीप बैस के मकान सब्जी मंडी बरगवां ने शिकायत दर्ज कराई थी।
फरियादी ने बताया कि वह बरगवां सब्जी मंडी में मोमोज का ठेला लगाता है। 19 अगस्त की शाम करीब 7 बजे दुकान से जाने के बाद उसने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक MP66MK6518 किराए के घर के सामने खड़ी की थी। खाना खाने के बाद वह सो गया। अगले दिन 20 अगस्त की सुबह बाहर आकर देखा तो मोटरसाइकिल गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक नहीं मिली।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तलाश करते हुए दिनकर उर्फ पीयूष द्विवेदी, पिता बुजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी उम्र 21 वर्ष निवासी झखरावल थाना जियावन वर्तमान निवासी बरहवा टोला थाना बरगवां जिला सिंगरौली को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया।
एक साल से फरार 10 हजार का इनामी आरोपी पकड़ा
दूसरी कार्रवाई में बरगवां पुलिस ने हत्या के मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे 10 हजार के इनामी आरोपी रज्जू उर्फ रजीमुद्दीन पिता ओहाजिल मोहम्मद उम्र 24 वर्ष निवासी कसार थाना बरगवां को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, जुलाई 2025 में ग्राम कसार में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में मेहताब आलम की हत्या हो गई थी। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि रज्जू उर्फ रजीमुद्दीन घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली द्वारा 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई थी।
पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार आरोपी की तलाश की। पुलिस टीम ने 22 अगस्त को आरोपी रज्जू उर्फ रजीमुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। जिसे आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
दोनों कार्यवाहियां पुलिस अधीक्षक शियाज के. एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन में की गईं।
इन कार्रवाइयों में बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में उनि सूरज सिंह, रामचरण सतनामी, सउनि अरुण पटेल, प्रआर श्यामलाल प्रजापति, फूल सिंह, नन्दकिशोर बागरी, संजय यादव, आशीष द्विवेदी आर. अरविन्द यादव, महेश पटेल, चन्द्रकेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।