प्रेस विज्ञप्ति
ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ आरा की सराहनीय पहल, वीडियो कॉल की मदद से महिला यात्री का ₹2.50 लाख नकद सहित ट्रेन में छूटा बैग सुरक्षित बरामद कर सौंपा।
दिनांक 16.10.2026 को गाड़ी संख्या 04051 से किऊल से आरा की यात्रा कर रही महिला यात्री किरण देवी का काले रंग का बैग, जिसमें ₹2,50,000 नकद एवं कपड़े रखे थे, आरा रेलवे स्टेशन पर उतरने के दौरान ट्रेन में ही छूट गया।
महिला द्वारा घबराई हुई अवस्था में आरपीएफ पोस्ट आरा पहुंचकर इसकी सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होते ही निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार के निर्देश पर ऑपरेशन अमानत के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहिया स्टेशन पर कैंपिंग ड्यूटी में तैनात आरपीएफ बल सदस्यों को सतर्क किया गया।
इसके उपरांत आरपीएफ आरा द्वारा महिला यात्री की बिहिया में तैनात आरपीएफ बल सदस्यों से वीडियो कॉल के माध्यम से बात कराई गई। वीडियो कॉल पर महिला ने संबंधित कोच, बैग रखने का स्थान एवं बैग के रंग आदि की जानकारी देते हुए आरपीएफ कर्मियों को मार्गदर्शन किया।
महिला द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर ट्रेन के बिहिया स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए खोजबीन कर उक्त बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया। वीडियो कॉल के माध्यम से महिला ने अपने बैग की पहचान भी की। बरामदगी के समय बैग लॉक अवस्था में था।
बरामद बैग को आरपीएफ पोस्ट आरा लाया गया, जहां महिला की उपस्थिति में वीडियोग्राफी करते हुए गवाहों के समक्ष बैग खोलकर जांच की गई। जांच के दौरान बैग में रखे ₹2,50,000 नकद एवं अन्य सामान पूर्णतः सुरक्षित पाए गए। तत्पश्चात निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार की उपस्थिति में महिला यात्री को उनका बैग एवं संपूर्ण नकदी सुरक्षित सुपुर्द कर दी गई।
अपनी ₹2.50 लाख की संपूर्ण नकदी एवं सामान सुरक्षित वापस पाकर महिला यात्री ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आरपीएफ आरा द्वारा दिखाई गई तत्परता, संवेदनशीलता एवं वीडियो कॉल के माध्यम से की गई इस अभिनव पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार एवं पूरी आरपीएफ टीम को हृदय से धन्यवाद दिया। महिला ने आरपीएफ की इस सराहनीय पहल से रेलवे सुरक्षा बल के प्रति अपना विश्वास और अधिक मजबूत होने की बात कही।
रेलवे सुरक्षा बल आरा यात्रियों की सुरक्षा, सहायता एवं उनके सामान की संरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
ऑपरेशन अमानत – यात्रियों की अमानत, आरपीएफ की जिम्मेदारी।
Arrah, Bhojpur | Oct 16, 2026