अवैध बालू ढुलाई बनी 17 साल के किशोर की मौत का कारण? हादसे के बाद ट्रैक्टर लेकर फरार होने का आरोप; गया में परिजनों ने उठाए बड़े सवाल
गया जिले के कोठी थाना क्षेत्र में देर रात हुआ हादसा, मृतक के परिवार ने अवैध बालू कारोबार पर कार्रवाई, दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की; पुलिस ने कहा– एफआईआर दर्ज, सभी पहलुओं की जांच जारी
गया। गया जिले के कोठी थाना क्षेत्र के मौलागंज गांव में मंगलवार को अहले सुबह अवैध बालू ढुलाई के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना अहले सुबह बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान रंजीत कुमार चौधरी (17) के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने चालक एवं ट्रैक्टर मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही चालक और ट्रैक्टर मालिक वाहन लेकर फरार हो गए, जबकि घायल किशोर को घटनास्थल पर ही छोड़ दिया गया।
मृतक के पिता का नाम पाहन चौधरी और माता का नाम राजमनिया देवी है। परिवार के अनुसार रंजीत छह भाई-बहनों में एक था। उसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस ट्रैक्टर से अवैध बालू की ढुलाई की जा रही थी, उसका मालिक लड्डन खान, पिता हबीब, निवासी गुलरियाडीह है। उनका कहना है कि हादसे के बाद चालक और ट्रैक्टर मालिक मौके से ट्रैक्टर लेकर चले गए, ऐसा परिजन आरोप लगा रहे हैं जो जांच का विषय है।
कुछ लोगों का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने के लिए आर्यन इवेंट्स के मालिक सुचित कुमार की जेसीबी का इस्तेमाल किया गया, जबकि अन्य लोगों का दावा है कि मौके पर मौजूद जेसीबी अजमत खान की थी। घटना की सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल किशोर को तत्काल अस्पताल भेजा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर कथित अवैध बालू खनन और ढुलाई का खेल चल रहा है। उनका कहना है कि हर रात दर्जनों ट्रैक्टर बालू लेकर गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते इस पर सख्ती होती तो शायद यह हादसा नहीं होता।
परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चालक और ट्रैक्टर मालिक की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, कथित अवैध बालू कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने तथा मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने से ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
इधर, कोठी थाना अध्यक्ष का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, ट्रैक्टर चालक की भूमिका क्या थी और अवैध बालू ढुलाई के आरोपों में कितनी सच्चाई है, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#gayadastak
#गयाजी
#GayaNews
#GayaPolice
#gaya
#Crime
#GayaPolice