आज दिनांक 10.11.2026 को राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री सचिवालय, पटना स्थित संवाद कक्ष में रोहतास जिले के दो आवेदकों को अपनी समस्याएँ एवं शिकायतें माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के समक्ष रखने का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा दोनों आवेदकों की समस्याओं को सुना गया तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में निर्देश दिए गए।
आवेदक डॉ. चंदन कुमार द्वारा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने, ट्रांसफार्मर के स्विच में खराबी तथा पुराने एवं जर्जर विद्युत तारों के कारण उत्पन्न समस्याओं को माननीय मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। आवेदक ने विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाने तथा जर्जर तारों को बदलने एवं केबल कनेक्शन चालू कराने की आवश्यकता से अवगत कराया। इस मामले में संबंधित विद्युत विभाग द्वारा आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने का विषय प्रस्तुत किया गया।
आवेदक श्री गौरी शंकर तिवारी द्वारा मौजा-महरकला, खाता संख्या-92, खेसरा संख्या-364, रकबा-09 डिसमिल भूमि से संबंधित पारिवारिक बंटवारे एवं दखल-कब्जा का मामला प्रस्तुत किया गया। आवेदक के अनुसार, उक्त भूमि संयुक्त जमाबंदी में दर्ज है तथा पारिवारिक बंटवारे के आधार पर अपने हिस्से की भूमि पर दखल-कब्जा प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। पंचायत के माध्यम से बंटवारानामा तैयार किए जाने के बावजूद परिवार के एक सदस्य की असहमति के कारण विवाद का समाधान नहीं हो सका है। इस संबंध में भूमि संबंधी अभिलेखों एवं प्रचलित राजस्व कानूनों के आलोक में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया।
उक्त कार्यक्रम में समाहरणालय, रोहतास से जिला पदाधिकारी रोहतास, अपर समाहर्ता (राजस्व), महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र एवं जिला अनुश्रवण कोषांग, सहयोग पोर्टल से श्री हिमांशु शेखर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
जिला प्रशासन द्वारा सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जन-शिकायतों का नियमित अनुश्रवण किया जा रहा है। राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम लोगों को अपनी समस्याएँ सीधे माननीय मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करता है। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त मामलों के त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन हेतु संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
#IPRD
#BiharGovernment
#SahyogPortal
#SahyogShivir
#CMSamrat
#samratchaudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Nov 10, 2026