दीपावली की रात आग से जंग लड़ने वाले कर्मवीरों का एसपी ने किया सम्मान, कर्तव्यनिष्ठा और साहस को सलाम
देवास। दीपावली की रात जब शहर के जवाहर चौक स्थित अग्रवाल कोल्ड्रिंक्स रेस्टोरेंट और जनता बैंक चौराहे के पास भीषण आग ने विकराल रूप ले लिया था, तब आग पर काबू पाने और बड़े हादसे को टालने के लिए कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से मोर्चे पर डटे रहे। पुलिस, नगर निगम, फायर ब्रिगेड और सीआईएसएफ (बीएनपी) सहित विभिन्न विभागों के कर्मियों ने जोखिम के बीच अपनी जिम्मेदारी निभाई। करीब 10 से 12 दमकल वाहनों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में तत्परता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का बुधवार को पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने सम्मान किया। उन्होंने सभी का उत्साहवर्धन करते हुए संकट की घड़ी में जनसेवा के लिए किए गए उनके प्रयासों की सराहना की।
यह सम्मान उन सभी कर्मवीरों के समर्पण का सम्मान है, जिन्होंने त्योहार की खुशियों के बीच अपनी जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखा। वर्दी या पद नहीं, बल्कि संकट के समय निभाया गया कर्तव्य ही किसी की असली पहचान बनता है।
जनहित में तत्पर रहने वाले सभी कर्मवीरों को सलाम।