मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में थाना समाधान दिवस पर एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न मामलों को लेकर पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह तथा कोतवाली प्रभारी कमल कांत वर्मा सहित क्षेत्र की सभी चौकियों के प्रभारी और समस्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।