बलिया में कर्मकांड स्थल का हुआ उद्घाटन, पूर्व राज्यसभा सांसद ने की हर जगह निर्माण की मांग
बलिया। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 स्थित शक्ति चौरा के समीप गुरुवार को कर्मकांड स्थल का उद्घाटन किया गया। पूर्व राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने फीता काटकर कर्मकांड स्थल का उद्घाटन किया। इस दौरान वार्ड पार्षद करण कुमार समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद पूर्व राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने कहा कि बलिया में कर्मकांड स्थल का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थलों के निर्माण से लोगों को अंतिम संस्कार एवं उससे जुड़े कर्मकांडों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि राज्य के हर क्षेत्र में इसी तरह कर्मकांड स्थल का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस तरह के कार्यों को प्राथमिकता देने की जरूरत है। स्थानीय स्तर पर कर्मकांड स्थल का निर्माण होने से लोगों को सुविधा मिलेगी और संबंधित कार्य व्यवस्थित तरीके से संपन्न किए जा सकेंगे।
स्थानीय लोगों ने कर्मकांड स्थल के उद्घाटन पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से इस तरह की सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्थल के शुरू होने से आसपास के लोगों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद करण कुमार ने भी कर्मकांड स्थल के निर्माण को क्षेत्र के लोगों के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इससे वार्ड एवं आसपास के लोगों को सुविधा मिलेगी। उद्घाटन के मौके पर कुमार गौरव सिंह राम कल्याण सिंह अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मुकेश पटेल प्रदेश कार्य कल समिति सदस्य राजेश अम्बष्ट जितेंद्र साहू गणपति पटेल हरेराम साह समेत कई लोग उपस्थित थे।