शाहाबाद में चांदी कारोबारी से दिनदहाड़े लूट, ओवरटेक कर बदमाशों ने कार रुकवाई और शीशा तोड़कर 5 किलो चांदी से भरा बैग लूटा
हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र में रविवार को चांदी लेकर शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे एक व्यक्ति के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बजरी प्लांट के पास स्विफ्ट कार सवार चार युवकों ने ओवरटेक कर वैगनआर कार को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर करीब पांच किलो चांदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
बताया गया कि हृदयराम सोनी शाहजहांपुर से अपने ड्राइवर के साथ वैगनआर कार से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान शाहाबाद थाना क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास पीछे से आई स्विफ्ट कार में सवार चार युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि कार रुकते ही बदमाशों ने शीशा तोड़ दिया और कार में रखा एक बैग छीन लिया। बैग में करीब पांच किलो चांदी बताई गई है।
वारदात के बाद बदमाश स्विफ्ट कार से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्यों को जुटाते हुए आसपास के क्षेत्र में जानकारी की।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शाहाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। टीमें बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ ही लूटी गई चांदी की बरामदगी के प्रयास में जुटी हैं।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।
Bilgram, Hardoi | Sep 28, 2026