संविधान दिवस से पहले बाबा साहेब को सम्मान, निजी खर्च से रौशन कुमार ने गोलंबर की बदली सूरत
प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा वाले गोलंबर की कराई साफ-सफाई और रंगाई-पुताई, लोगों ने की पहल की सराहना
अनुज कु० चंद्रवंशी
प्रतापपुर (चतरा)। संविधान दिवस से पहले बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए रौशन कुमार उर्फ छोटू दास ने अपने निजी खर्च से प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित अंबेडकर प्रतिमा वाले गोलंबर की साफ-सफाई एवं रंगाई-पुताई कराई। बताया जाता है कि गोलंबर में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा और उसके आसपास लंबे समय से साफ-सफाई नहीं हुई थी। इस कारण वहां गंदगी जमा हो गई थी और रंग-रोगन भी खराब हो चुका था। इसे देखते हुए रौशन कुमार ने पहल की और अपने निजी खर्च से पूरे गोलंबर की साफ-सफाई कराकर रंगाई-पुताई करवाई, जिससे गोलंबर का स्वरूप निखर गया। इस संबंध में रौशन कुमार उर्फ छोटू दास ने बताया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा हमारे लिए सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक है। काफी दिनों से गोलंबर की स्थिति ठीक नहीं थी। इसी को देखते हुए उन्होंने संविधान दिवस से पहले इसकी साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कराने का निर्णय लिया, ताकि इस विशेष अवसर पर स्थल स्वच्छ और आकर्षक दिखे। गौरतलब है कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर बाबा साहेब के योगदान को याद किया जाता है। इस पहल के दौरान विजय दास, आकाश कुमार, नीरज कुमार दास एवं राजा भाई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।