कार चोरी करने के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार।
कब्जा से चोरी हुई 1 कार, वारदात में प्रयोग की गई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 1 ड्रिल मशीन व एक टूल किट बरामद।
चोरी के 5 मामले भी सुलझे
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 8 जून । 22 मई को एक व्यक्ति ने थाना सदर, गुरुग्राम की पुलिस टीम को शिकायत दी कि 21/22 मई की रात को सैक्टर-38, गुरुग्राम में स्थित इसके पीजी से किसी अज्ञात द्वारा इसकी कार चोरी कर ली गई। प्राप्त शिकायत पर थाना सदर, जिला गुरुग्राम में सम्बन्धित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा सैक्टर-17, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में 3 आरोपियों को 30 मई को नजदीक राजीव चौक, गुरुग्राम से काबू किया। आरोपियों की पहचान सुखजीवन उर्फ सुक्खी (उम्र-37 साल) निवासी सीकरी जिला डीग (राजस्थान), 2. गुरदास (उम्र-18 साल) निवासी गांव जाग मलहेरी,अलवर (राजस्थान) व 3. परगट सिंह उर्फ मंगा (उम्र-18 साल) निवासी गांव देसूला खोड, अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। उपरोक्त आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया।
पुलिस जांच में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपियों ने पहले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से उपरोक्त अभियोग में चोरी हुई स्विफ्ट कार को चोरी करने का प्रयास किया लेकिन जब यह काम नहीं किया तो उन्होंने खिड़की तोड़कर ड्रिल मशीन से कार का हैंडल अनलॉक करके एक अन्य कार से टॉ (TOW) करके चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गुरुग्राम से चोरी की 4 अन्य वारदातों को अंजाम देने का खुलासा किया है।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी सुखजीवन पर चोरी करने, एक्साइज एक्ट, धोखाधड़ी, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत 15 अभियोग हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली में अंकित है तथा आरोपी गुरदास पर पॉक्सो एक्ट के तहत एक अभियोग राजस्थान में अंकित है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से चोरी हुई 1 कार व कार चोरी करने के लिए प्रयोग की गई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस,1 ड्रिल मशीन बरामद की गई है।
आरोपी गुरदास व परगट सिंह को 4 जून को न्यायिक हिरासत में भेजा गया तथा आरोपी सुखजीवन को 8 जून को न्यायालय में पेश किया जाएगा। अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।