#बालाघाट
कलेक्टर आदित्य सिंह ने जिला चिकित्सालय का किया आकस्मिक निरीक्षण
खराब बेड बदलने, स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 22 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे जिला चिकित्सालय बालाघाट का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया, सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री सूर्य प्रकाश उके उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने महिला वार्ड, मेडिकल वार्ड, नवजात शिशुओं के उपचार के लिए संचालित विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू), कुपोषित बच्चों के उपचार हेतु पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), बच्चा वार्ड और डे केयर यूनिट सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से चर्चा कर नाश्ता एवं भोजन मिलने के समय की जानकारी भी ली।
एनआरसी में माताओं को रोजगारमूलक गतिविधियों का प्रशिक्षण देने के निर्देश
पोषण पुनर्वास केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि केंद्र में बच्चों के साथ आने वाली माताओं को विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाए। इससे बच्चों के उपचार के दौरान माताएं अपना समय उपयोगी गतिविधियों में लगा सकेंगी और रोजगारमूलक कार्यों का प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकेंगी।
खराब बेड बदलने और अनुपयोगी सामग्री हटाने के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि अस्पताल में खराब हो चुके अथवा उपयोग के योग्य नहीं रहने वाले बेड को तत्काल बदलने की कार्रवाई की जाए। अस्पताल परिसर के भीतर एवं बाहर पड़ी अनुपयोगी सामग्री को हटाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल के सभी वार्डों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, खिड़कियों एवं दरवाजों पर जालियां लगाने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान लॉन्ड्री का कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार का ठेका निरस्त कर किसी अन्य व्यक्ति को कार्य सौंपने के निर्देश दिए गए।
साफ-सफाई में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर एवं सभी वार्डों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में कहीं भी खुले में पानी बहता हुआ नहीं दिखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कभी भी आकस्मिक निरीक्षण कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता संबंधी अव्यवस्था मिलने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिला चिकित्सालय में सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता भी परखी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने जिला चिकित्सालय की कैंटीन का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां उपलब्ध बर्तनों और मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की जानकारी ली। मरीजों के लिए तैयार किए गए नाश्ते की गुणवत्ता जांचने के लिए उन्होंने स्वयं नाश्ता चखकर उसका परीक्षण किया।
कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp
4 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 22, 2026