#बालाघाट
बिरसा के तीन गांवों में मनाया गया जल अर्पण दिवस
नल-जल योजनाएं ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों को सौंपी गईं, जल संरक्षण का लिया संकल्प
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 21 अक्टूबर को विकासखंड बिरसा के ग्राम देवगांव म, मालुमझोला एवं बंदनिया में जल अर्पण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नल-जल योजनाओं को औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत एवं स्थानीय समुदाय को हस्तांतरित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने सहभागिता कर जल संरक्षण और पेयजल स्रोतों की स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने जल संरक्षण के नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली। इसके माध्यम से लोगों को पानी बचाने और जल के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने जल स्रोतों की पूजा-अर्चना कर जल वंदना की तथा नल-जल संरचनाओं का जल श्रृंगार किया। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पानी का अपव्यय रोकने और प्रत्येक बूंद को सहेजने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच श्रीमती चंद्रकला केराम ने कहा कि शुद्ध पेयजल प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। नल-जल योजना से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और घरों तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं को अपनी संपत्ति मानकर उनकी देखरेख करने तथा नियमित संचालन एवं रखरखाव में सहयोग करने की अपील की।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से ब्लॉक समन्वयक श्री फनीश रंगारे, पीएमयू समन्वयक श्री शीतल मिश्रा एवं श्री हरीश झा उपस्थित रहे। विभागीय टीम ने ग्रामीणों को नल-जल योजनाओं के तकनीकी पहलुओं तथा उनके सुचारु संचालन और रखरखाव की जानकारी दी। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव श्री चिमन मेरावी, पंचगण, शासकीय माध्यमिक शाला के प्रधानाध्यापक श्री ठाकरे, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंप ऑपरेटर तथा ग्रामीणजन मौजूद रहे।
नल-जल योजनाओं का ग्राम पंचायत एवं समुदाय को हस्तांतरण होने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को पेयजल व्यवस्था के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और जल संरक्षण को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।
#जल_अर्पण_दिवस
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minphemp