गाजीपुर के लाल राजकुमार पाल का भव्य सम्मान, प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने दिया 51 हजार का चेक
गाजीपुर। जिले के होनहार हॉकी खिलाड़ी और अर्जुन अवार्ड से सम्मानित राजकुमार पाल ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर गाजीपुर का नाम देशभर में रोशन किया है। बुधवार को गाजीपुर के राइफल क्लब सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने ओलंपिक कांस्य पदक विजेता राजकुमार पाल को सम्मानित किया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने राजकुमार पाल को 51 हजार रुपये का डेमो चेक, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि राजकुमार पाल ने हॉकी के मैदान में अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल गाजीपुर, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। अर्जुन अवार्ड और ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और मंच उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे राजकुमार पाल के संघर्ष, अनुशासन और मेहनत से प्रेरणा लें। जीवन में सफलता पाने के लिए खेल के साथ शिक्षा और अच्छे संस्कार भी बेहद जरूरी हैं।
वहीं सम्मानित होने पर हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल ने मंत्री, जिला प्रशासन और गाजीपुर की जनता का आभार जताया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2008 से हॉकी खेलना शुरू किया था। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के जीवन में अनुशासन का बहुत बड़ा महत्व है। यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
समारोह में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासिका सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी एवं कोच मौजूद रहे।
गाजीपुर की मिट्टी में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राजकुमार पाल की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Sevrai, Ghazipur | Nov 19, 2026