समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव आज गाजीपुर के जहूराबाद पहुंचे। यहां एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान सपा विधायक, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में शिवपाल यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में भाजपा बुरी तरह हारने वाली है। ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर कहा कि इसका सपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा, बल्कि पार्टी को फायदा होगा। वहीं राम-कृष्ण, मथुरा-काशी, आजम खान और मतदाता पुनरीक्षण को लेकर भी उन्होंने कई बयान दिए।
शिवपाल यादव ने कहा कि भगवान राम और कृष्ण सभी हिंदुस्तानियों के दिल में हैं। मथुरा और काशी किसी एक पार्टी की बपौती नहीं हैं। आजम खान के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके साथ लगातार उत्पीड़न हो रहा है और अब न्यायालय से ही उम्मीद है।
वहीं मतदाता पुनरीक्षण पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार और अधिकारियों की पूरी व्यवस्था होने के बावजूद अगर हिंदुओं के वोट कट गए हैं तो इस्तीफा दे देना चाहिए।
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर शिवपाल ने कहा कि इससे समाजवादी पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि फायदा ही मिलेगा। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं को ढोंगी बताते हुए निशाना साधा #GhazipurNews