🔸सिंहस्थ-#2028 नियमित निरीक्षण-#121
------------------
🔸सिंहस्थ 2028 की राह पर विकास की रफ्तार
-------------------
🔸सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नही- एसीएस श्री दुबे
🔸 एसीएस श्री संजय दुबे ने परखी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति
---------------------
🔸सड़क, चौराहों, ड्रेनेज, लाइटिंग से लेकर मेला कार्यालय और इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर तक सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
---------------------
उज्जैन, 28 नवंबर। सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की गति, गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) श्री संजय दुबे ने शनिवार को उज्जैन पहुंच कर निर्माणाधीन कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण, मेला क्षेत्र की सड़कें, अधोसंरचना विकास तथा अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह तथा नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
🔸एसीएस श्री संजय दुबे ने सबसे पहले नानाखेड़ा चौराहा से शांति पैलेस तक फोरलेन मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि निर्माणाधीन मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सड़क पर निर्मित चैंबरों को हाई ग्रेड स्टील से कवर करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने फोरलेन मार्ग पर जीआईएस सर्वे कराकर छायादार एवं बड़े पौधे लगाने तथा यातायात के अनुरूप लाइटिंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए। श्री दुबे ने कहा कि चौराहो के विकास का कार्य एक ही एजेंसी के माध्यम से कराया जाए, ताकि कार्यों में बेहतर समन्वय बना रहे।
इसके बाद उन्होंने दो तालाब से टैगोर चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क की स्लैब की ऊंचाई इस प्रकार निर्धारित की जाए कि भविष्य में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने मार्ग निर्माण के दौरान फुटपाथ क्षेत्र में बनाए जा रहे चैंबरों का भी निरीक्षण किया।
🔸एसीएस श्री दुबे ने हरिफाटक तथा ब्रिज के नीचे नंदी चौराहा क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए चारों ओर से आने वाले मार्गों को ध्यान में रखते हुए रोटरी की बेहतर प्लानिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोटरी एवं मार्गों की डिजाइन ऐसी हो, जिससे यातायात के सुचारु संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके बाद उन्होंने भूखी माता के समीप निर्माणाधीन सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन पिलरों में फिनिशिंग का कार्य बेहतर तरीके से कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से सर्किट हाउस निर्माण की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली।
🔸एसीएस श्री दुबे ने बड़नगर रोड होते हुए रोड क्रमांक 3 एवं रोड क्रमांक 10 का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ ही कार्य की प्लानिंग एवं निर्धारित शेड्यूल की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में काली मिट्टी होने के कारण वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए जल निकासी एवं पाइपलाइन संबंधी कार्यों को सड़क निर्माण से पहले ही पूर्ण किया जाए, ताकि भविष्य में सड़क निर्माण प्रभावित न हो।
🔸इसके बाद श्री दुबे ने कार्तिक मेला ग्राउंड से नईखेड़ी मार्ग होते हुए सिंहस्थ बाईपास तक किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
🔸निर्माणाधीन सिंहस्थ मेला कार्यालय के निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप निर्माण कार्य को गति दी जाए और समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए।
उन्होंने सिंहस्थ मेला कार्यालय में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के लिए उच्च गुणवत्ता के कैमरे लगाए जाने, भवन निर्माण के साथ ही विद्युत एवं ड्रेनेज की समुचित प्लानिंग करने तथा निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
🔸 मंगलनाथ मंदिर परिसर में मंदिर विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों में मंदिर के शिखर निर्माण सहित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता हो। प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो।
🔸निरीक्षण के दौरान सी ई ओ उज्जैन विकास प्राधिकरण श्री संदीप सोनी,स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती नेहा जैन, अपर मेला अधिकारी सुश्री दृष्टि जायसवाल एवं श्री ओमप्रकाश सनोडिया, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर सहित नगर निगम एवं उज्जैन विकास प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।