उदयपुर पुलिस लाइन में ICJS, ई-साक्ष्य और ई-समन पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
उदयपुर। आधुनिक तकनीक और डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन, उदयपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में ICJS, ई-साक्ष्य और ई-समन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में हुई।
कार्यशाला में गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के आईटी विभाग के वरिष्ठ निदेशक दीपक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा, एएसपी शहर उमेश ओझा, एएसपी अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर लखमन राय, एएसपी खेरवाड़ा रजत बिश्नोई, एएसपी महिला अनुसंधान प्रकोष्ठ मंजीत सिंह सहित जिले के वृत्ताधिकारी और थानाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यशाला में स्मार्ट पुलिसिंग और त्वरित न्याय पर जोर दिया गया। मुख्य वक्ता दीपक कुमार ने ई-साक्ष्य और ई-समन के तकनीकी उपयोग के साथ-साथ इनके कानूनी महत्व की जानकारी दी।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने अधिकारियों को डिजिटल प्रणालियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों के बेहतर उपयोग से पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के साथ त्वरित न्याय की प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।