पर्यटन स्थलों की सुरक्षा मजबूत करने एवं पर्यटकों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करने हेतु चित्तौड़गढ़ पुलिस तत्पर, कालिका पेट्रोलिंग टीम ने विदेशी पर्यटकों का किया आत्मीय स्वागत, दुर्ग तक किया एस्कोर्ट
चित्तौड़गढ़, 03 सितम्बर। राजस्थान में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों तथा ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस द्वारा पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके मन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सकारात्मक भावना को मजबूत करने के लिए एक अभिनव पहल की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चित्तौड़गढ़ पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग टीम द्वारा पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन से चित्तौड़गढ़ पहुंचे देशी विदेशी पर्यटकों का आत्मीय स्वागत किया गया। कालिका टीम की महिला पुलिसकर्मियों एवं सोशल मीडिया प्रभारी एएसआई सत्यनारायण द्वारा इन देशी विदेशी पर्यटकों का स्वागत किया गया तथा उन्हें चित्तौड़गढ़ दुर्ग भ्रमण के दौरान सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया।
कालिका पेट्रोलिंग टीम द्वारा पर्यटकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें चित्तौड़गढ़ दुर्ग तक एस्कोर्ट किया गया तथा दुर्ग क्षेत्र में उनके आवागमन के दौरान पेट्रोलिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। टीम द्वारा पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखते हुए दुर्ग के आसपास भी लगातार पेट्रोलिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पर्यटन स्थलों पर पुलिस की भूमिका केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यटकों को सुरक्षित, सहज एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना भी पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस का मैत्रीपूर्ण व्यवहार देशी-विदेशी पर्यटकों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के साथ-साथ राजस्थान पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत करता है।
उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पर्यटन नगरी है तथा यहां बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। जिला पुलिस द्वारा पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के साथ ही Tourist Friendly Policing को बढ़ावा दिया जा रहा है।
चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा की गई यह पहल पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस एवं पर्यटकों के बीच मैत्रीपूर्ण संवाद और विश्वास कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिले में पहली बार इस प्रकार कालिका पेट्रोलिंग टीम द्वारा विदेशी पर्यटकों का आत्मीय स्वागत कर उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की पहल की गई है, जिसे पर्यटन एवं पुलिसिंग के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
चित्तौड़गढ़ भ्रमण के दौरान किसी भी पर्यटक को सुरक्षा, आवागमन, असामाजिक गतिविधि अथवा किसी अन्य प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल चित्तौड़गढ़ पुलिस को सूचित करें। पर्यटक पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7300453344 पर संपर्क कर अपनी समस्या अथवा सूचना साझा कर सकते हैं।