सड़क पर गड्ढा बना हादसे का कारण
बाइक सवार गंभीर रूप से हुए घायल
किरतपुर-चौक फोरलेन पर टनल नंबर-1 के पास कल शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक फिसलकर लोहे की रेलिंग से टकरा गई, जिससे दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपनी निजी गाड़ी से एम्स बिलासपुर पहुंचाया। घायलों की पहचान ओंकार पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी ज्वालादेवी, तहसील नैना देवी, जिला बिलासपुर तथा दूसरे घायल की पहचान अमरजीत निवासी पुलाचर, तहसील नैना देवी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पंचायत के पूर्व उपप्रधान मदन लाल शर्मा ने बताया कि यह हादसा फोरलेन कंपनी की लापरवाही के कारण हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि टनल नंबर-1 के कैची मोड़ के पास पिछले लगभग दो महीनों से सड़क पर गड्ढा बना हुआ है और सड़क पर बजरी फैली हुई है। इसी वजह से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दुर्घटना घटित हुई।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद 1033 एंबुलेंस सेवा को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मजबूरन घायलों को निजी वाहन से अस्पताल भेजना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस थाना भगेड़ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
स्वारघाट से सूरज चंदेल की रिपोर्ट