करोड़ों की लागत से बना बालिका इंटर कॉलेज 09 साल से बंद, सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने सरकार पर साधा निशाना
.
#हरदोई: जिला मुख्यालय के सर्कुलर रोड पर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित म्यूनिसिपल बालिका इंटर कॉलेज पिछले नौ वर्षों से बंद पड़ा है। भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद कॉलेज में आज तक शिक्षण कार्य शुरू नहीं हो सका, जिससे बेटियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने प्रशासन और प्रदेश सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि कॉलेज का निर्माण 12 जून 2017 को पूरा हो गया था, लेकिन आज तक इसका संचालन शुरू नहीं कराया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कॉलेज शुरू कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि करोड़ों रुपये की सार्वजनिक धनराशि खर्च होने के बावजूद कॉलेज बंद रहने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधि केवल चुनिंदा क्षेत्रों का दौरा कर प्रचार-प्रसार में व्यस्त हैं, जबकि शहर की जर्जर सड़कें, जलभराव और अन्य मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हरदोई सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।
रामज्ञान गुप्ता ने महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि जनता अब सरकार के वादों से संतुष्ट नहीं है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
इस दौरान समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता 'मिन्ना', जिला महासचिव अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव 'दीपू', शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, सोनू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
#रिपोर्ट: अखिल सिंह | द टेलीकास्ट न्यूज़
Hardoi, Hardoi | Jul 19, 2026