मुरैना में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, जिलेभर में निकाला फ्लैग मार्च
मुरैना। अष्टमी, नवमी और दशहरा सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मुरैना पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन में रविवार, 18 अक्टूबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, संवेदनशील इलाकों, सार्वजनिक स्थलों और दुर्गा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दुर्गा पंडालों में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। आयोजन समितियों से चर्चा कर श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने धार्मिक आयोजनों के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
आमजन को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
पुलिस के फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय के धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
मुरैना पुलिस ने नागरिकों से अष्टमी, नवमी और दशहरा सहित सभी त्योहार आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने को कहा है। किसी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई है।
मुरैना पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात रहेगा।