शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रति किया जागरूक
एआई जागरूकता सत्र में विद्यार्थियों ने जाना आधुनिक तकनीक का महत्व एवं उपयोग
विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एआईएसईसीटी पीएमकेके, मुरैना द्वारा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में एआई जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश शांडिल्य एवं शिक्षक डॉ. राकेश त्यागी के नेतृत्व में आयोजित सत्र में विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उपयोगिता, कार्यप्रणाली एवं विभिन्न क्षेत्रों में इसके उपयोग की जानकारी दी गई।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। विद्यार्थियों को चैटजीपीटी जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों की कार्यप्रणाली तथा पढ़ाई एवं जानकारी प्राप्त करने में उनके उपयोग के बारे में भी समझाया गया।
विद्यार्थियों की समझ विकसित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रश्नों के उत्तर दिए तथा आधुनिक तकनीक के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में डिजिटल कौशल विकसित करना, उन्हें उभरती तकनीकों से परिचित कराना तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार, सुरक्षित एवं सकारात्मक उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा। इस प्रकार के जागरूकता सत्र विद्यार्थियों को तकनीकी बदलावों को समझने और भविष्य की शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी संभावनाओं के लिए तैयार करने में सहायक हैं।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh
13 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 18, 2026