*NH-139 फोरलेन निर्माण कार्य में तेजी लाने को डीएम ने किया निरीक्षण*
===============
*मनिकपुर-साहेबगंज खंड में अर्जित भूमि, मुआवजा भुगतान एवं निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश*
===============
*जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव ने आज NH-139 के मनिकपुर-साहेबगंज खंड में फोरलेन सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाना तथा निर्माण के दौरान उत्पन्न हो रहे अवरोधों को दूर करना रहा।*
NH-139 (मनिकपुर-साहेबगंज खंड) फोरलेन सड़क निर्माण के लिए मुजफ्फरपुर जिले के 36 मौजों में NH अधिनियम, 1956 के तहत भूमि अर्जित की गई है। जिला पदाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, परियोजना निदेशक NHAI छपरा, सड़क निर्माण कंपनी के प्रतिनिधि, संबंधित अंचल अधिकारियों एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ पूरे आरेखन के अनुसार विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर अर्जित भूमि एवं निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि परियोजना के लिए कुल 183.96 हेक्टेयर भूमि अर्जित की गई है, जिसकी कुल प्राक्कलित राशि 413.02 करोड़ रुपये है। इसके विरुद्ध 403.38 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जबकि अब तक 332.03 करोड़ रुपये का वितरण किया जा चुका है।
जिला पदाधिकारी ने आपसी विवाद एवं न्यायालय में लंबित मामलों के कारण रुके मुआवजा भुगतान की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी संबंधित पक्षों की सुनवाई के बाद भी सहमति नहीं बनने की स्थिति में NH अधिनियम, 1956 की धारा 3H(4) के तहत मामलों को व्यवहार न्यायालय में शीघ्र संदर्भित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मनिकपुर चौक के निरीक्षण के दौरान कुछ मकानों के अब तक नहीं हटाए जाने का मामला सामने आया। इस पर जिला पदाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को शीघ्र भुगतान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि छूटे हुए मकानों का प्राक्कलन अनुमोदन के लिए NHAI को भेजा गया है तथा अनुमोदन प्राप्त होते ही भुगतान की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मुआवजे की राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए तथा विवाद की स्थिति में नियमानुसार मामलों को शीघ्र संबंधित न्यायालय को संदर्भित किया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
निरीक्षण के उपरांत जिला पदाधिकारी ने पूरे आरेखन में भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर पाए गए गतिरोधों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, पश्चिमी मुजफ्फरपुर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एवं संबंधित अंचल अधिकारियों को अधियाची पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर सभी बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि NH-139 फोरलेन परियोजना जिले के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना है। इसलिए भूमि अर्जन, मुआवजा भुगतान अथवा अन्य किसी कारण से निर्माण कार्य बाधित न हो, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
24 views | Muzaffarpur, Bihar | Aug 21, 2026