आज दिनांक 26.09.2026 को जिला पदाधिकारी, श्री शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में जिले के सभी अंचलों में संचालित राजस्व कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान मुख्य रूप से अंचल अधिकारियों की रैंकिंग, जमाबंदी अद्यतीकरण, दाखिल-खारिज एवं उत्तराधिकार संबंधी मामले, विशेष अभियान, अभियान बसेरा, ऑनलाइन दाखिल-खारिज, म्यूटेशन परिमार्जन प्लस, अतिक्रमण, राजस्व अभियान, लगान वसूली, सरकारी कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता, फार्मर रजिस्ट्री, CWJC/MJC वाद, सहयोग पोर्टल, खासमहल भूमि की जमाबंदी सहित अन्य राजस्व मामलों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को लंबित दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन के मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी सीओ, आरओ एवं संबंधित कर्मचारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निपटारा करने को कहा। सूर्यगढ़ा अंचल में अपेक्षित प्रगति में सुधार लाने हेतु संबंधित अंचलाधिकारी को विशेष निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने लंबित म्यूटेशन एवं अन्य राजस्व मामलों के निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही CWJC/MJC वाद, सहयोग पोर्टल से संबंधित लंबित मामलों का भी शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि वर्तमान में राजस्व महाभियान संचालित है। सभी संबंधित कर्मचारी प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं गंभीरता से करें। कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग हेतु अपर समाहर्ता महोदय को आईटी मैनेजर के माध्यम से मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अपेक्षित प्रगति नहीं होने की स्थिति में संबंधित अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं कर्मचारियों से कारण पूछा जाएगा। लंबित मामलों के निष्पादन की पुनः समीक्षा आगामी 28 सितंबर एवं 30 सितंबर को की जाएगी।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।