#भरतपुर। डीग कोतवाली थाना अंतर्गत इकलेरा गांव में सोमवार शाम को जमीनी विवाद के चलते बकरी चराकर वापस घर लौट रहे 60 वर्षीय बिज्जो की गोली मारकर ह*त्या कर दी गई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मंगलवार सुबह परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया और मोर्चरी के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल में तनाव की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अखिलेश शर्मा, सीओ सीताराम बैरवा और बाद में जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने पीड़ित परिवार से वार्ता कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के पुत्र प्रधान सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने सुनहैरी, मंशो उर्फ मानसिंह, संजय, नाहरसिंह, गोविन्द सिंह, सुशील, भोलू, अनिल उर्फ तन्नू, कैलाश, राजवीर, कन्नो उर्फ कन्हैया, कंपूर और जगवीर सहित 14 आरोपियों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Bharatpur, Bharatpur | Sep 15, 2026